लुधियाना, 7 अगस्त | सर्किट हाउस के बाहर सोमवार रात दो गुटों में खूनी झड़प हो गई। फिरोजपुर रोड पर युवकों ने एक-दूसरे पर सरेआम ईंट-पत्थर फेंके। झड़प के दौरान एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और मंगलवार शाम उसकी मौत हो गई। मृतक युवक का नाम मोहित पदम है। मोहित घाटी मोहल्ला का रहने वाला है।
उसके दो दोस्त दीपक और योंगशु गंभीर रूप से घायल हैं। बदमाशों ने मोहित के सिर पर तेजधार हथियार से हमला किया। सिर में चोट लगने और खून बहने से उसकी मौत हो गई। वारदात घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई। इस मामले में पीएयू थाने की पुलिस ने हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि बाकी की तलाश जारी है।
हमलावरों का दावा- बाइक सवारों ने महिला पर की थी टिप्पणी
हमलावरों ने दावा किया है कि बाइक सवारों ने महिला पर फब्तियां (कमेंट्स) कसी थी जिसके बाद मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। पहले कहासुनी हुई और फिर गाली-गलौज। करीब 5 मिनट तक दोनों तरफ से ईंट-पत्थर चले।
मोहित परिवार का इकलौता सहारा था
मृतक मोहित परिवार का इकलौता सहारा था। उसके पिता का निधन हो चुका है। उसकी मां पिंकी ने बताया कि मोहित ने अभी 12वीं पास की थी। उसे कॉलेज में एडमिशन लेना था। अगले महीने उसकी बहन की शादी है। वह अपने एक दोस्त का जन्मदिन मनाने स्पाइसी हट रेस्टोरेंट गया था।
हमलावरों ने लिफ्ट मांगने के लिए इशारा करके बाइक रुकवाई
परिवार वालों का कहना है कि मोहित जब घर लौट रहा था तो रास्ते में एक युवक ने उन्हें रुकने का इशारा किया। उसे लगा कि शायद कोई मदद मांग रहा है। इसलिए वह अपने दोस्तों के साथ वहीं रुक गया। लेकिन वहां मौजूद लोग नशे में थे। उन लोगों ने मोहित और उसके दोस्तों पर ईंट-पत्थर बरसाए। मोहित सड़क पर गिर गया।
इससे उस पर धारदार हथियारों से भी हमला किया गया। उसका काफी खून बह गया। कल शाम अस्पताल में उसकी मौत हो गई। मोहित के साथ उसके दोस्त दीपक और योगांशु भी गंभीर रूप से घायल हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज उर्फ माधव, सागर और अभिषेक के रूप में हुई है। उसका साथी सन्नी और छह अन्य, जिनकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, फरार हैं।
HO राजिंदरपाल सिंह बोले…
पीएयू थाने के एसएचओ इंस्पेक्टर राजिंदरपाल सिंह ने बताया कि मोहन पदम अपने दोस्तों दीपक, निखिल, योगांशु, मोहित कंडियार, मंथन, मोहन, दीपक और गौतम के साथ डिनर के लिए गए थे। घर लौटते समय सर्किट हाउस के पास आरोपियों से उनकी कहासुनी हो गई। जबकि उसके बाकी दोस्त भागने में कामयाब रहे। मोहित पदम, दीपक और योगांशु को आरोपियों ने पकड़ लिया।
मोहित पदम ने भागने की कोशिश की, लेकिन वह सड़क पर गिर गया और उसकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
(Note : पंजाब की जरूरी खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए पंजाब बुलेटिन के वट्सएप ग्रुप https://shorturl.at/PkYaq या वट्सएप चैनल https://shorturl.at/VbSTV से जुड़ें।)





