जंगगीर-चांपा(छत्तीसगढ़), 11 दिसंबर | यहां से एक बडी दुर्घटना की खबर सामने आ रही है जहां शादी वाली कार और ट्रक की टक्कर में नवविवाहित जोड़े समेत एक ही परिवार के 5 सदस्यों की मौत हो गई है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना मुलमुला थाना क्षेत्र के पकरिया झूलन गांव के पास तड़के हुई जब पीड़ित शिवनारायण शहर में एक शादी से लौट रहे थे।
इस हादसे में कार में सवार दूल्हा-दुल्हन समेत 5 लोगों की मौत हो गई। हादसे में दूल्हे के पिता, बहन और जीजा की भी मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह परिवार शादी करके शिवनारायण लौट रहा था। जिस कार में दूल्हा-दुल्हन और परिवार के लोग सवार थे उसकी ट्रक से भीषण टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें आग लग गई। दुल्हन समेत कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल दूल्हे को पामगढ़ अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।





