लुधियाना, 18 दिसंबर| लुधियाना के किदवई नगर में पिटबुल कुत्ते ने गली से गुजर रही एक महिला पर हमला कर उसे घायल कर दिया है। जानकारी के अनुसार कुत्ते ने महिला की बाजू को तकरीबन 15 मिनट तक अपने जबड़े में दबा कर रखा। कुत्ते ने महिला की टांग व बाजू सहित 12 जगहों पर हमला किया।
घायल महिला की पहचान रितू के रूप में हुई है। पीड़िता ने बताया कि वह बैंक से करीब 1 बजे घर वापस आ रही थी। गली से गुजरते समय एक घर के पिटबुल कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। उसके चीखने की आवाज सुनकर इलाके के लोग वहां पहुंचे और उसे छुड़ाने की कोशिश की। लोगों ने पिटबुल कुत्ते पर लाठियों से वार किया लेकिन उसने महिला की बाजू को अपने जबड़े में दबा रखा और उसे जमीन पर गिरा दिया था।
जानकारी देते हुए पिटबुल कुत्ते के मालिक कपिल ने कहा आज उसके पिता ने घर का दरवाजा खोला तो अचानक उसके कुत्ते ने महिला पर हमला कर दिया। उनका कुत्ता सिर्फ 16 महीने का है। उसके सभी इंजेक्शन लगे हुए हैं, उसकी इस हरकत के बाद उसे छोड़ देंगे।
इस हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।