लुधियाना, 22 दिसंबर| काम कर घर लौट रही एक बुजुर्ग महिला पर एक्टिवा सवार ने हमला कर उसका फोन छीन लिया, बदमाश ने बुजुर्ग महिला को एक्टिवा से डेढ़ किलोमीटर तक घसीटा। रास्ते में बदमाश कार से जा टकराया, जिसके बाद पीछा कर रहे लोगों ने उसे दबोच लिया और उसकी पिटाई कर दी।
इस हादसे में महिला बुरी तरह लहूलुहान हो गई है। उसके सिर, हाथ और पैर पर चोटें आई हैं। मोबाइल भी बुरी तरह से टूट गया। महिला की पहचान प्रमिला (56) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार लोगों के घरों में काम करने वाली महिला प्रमिला रात लगभग नौ बजे क्वालिटी चौक से मठारू चौक की ओर अपने घर लौट रही थी। घर से फोन आने के कारण वह सड़क पर मोबाइल निकाल बातें करते हुए पैदल चल रही थी, तभी महिला का पीछा कर रहे एक्टिवा सवार युवक ने उसका मोबाइल झपटा। काफी जद्दोजहद के बाद भी महिला ने मोबाइल नहीं छोड़ा। इसके बाद वह उसे घसीटता ले गया।
पुलिस ने उसकी एक्टिवा जब्त कर, इस मामले की जांच शुरू कर दी है।