चंडीगढ़, 12 दिसंबर | पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों पर भी पड़ रहा है। पंजाब में कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। अब रात में कंपकंपी के साथ ठंड महसूस हो रही है। तापमान भी गिरकर 5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। पंजाब के 11 जिलों में आज घना कोहरा गिरने की संभावना है। पंजाब में अगले 5 दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। आज भी प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा।

अमृतसर, तरनतारन, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा और लुधियाना में अधिक कोहरा पड़ेगा। रविवार को फरीदकोट और फिरोजपुर में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पंजाब में सबसे ठंडा रहा। सोमवार को न्यूनतम व अधिकतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गयी। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 10 दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है।

मोगा में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री, गुरदासपुर में 5.7 डिग्री, बरनाला में 5.8 डिग्री, बठिंडा में 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा रोपड़ में 6.0 डिग्री, लुधियाना में 8.4 डिग्री, चंडीगढ़ में 9.2 डिग्री, अमृतसर में 7.0 डिग्री, पटियाला में 8.7 डिग्री, जालंधर में 7.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।





