दिल्ली, 10 दिसंबर| सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड के आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राजस्थान पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन कर हत्या के मुख्य आरोपी रोहित राठौड़ और नितिन फौजी समेत तीन आरोपियों को चंडीगढ़ से पकड़ा है। पुलिस देर रात तीनों को दिल्ली ले आई और सीधे अपराध शाखा के दफ्तर पहुंची है।
सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड के मामले में हरियाणा से कल पहली गिरफ्तारी हुई थी। महेंद्रगढ़ जिले के सतनाली के सुरेती पिलानिया गांव के एक युवक को राजस्थान पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
जानकारी के अनुसार सुरेती पिलानिया के रामवीर ने ही नितिन फौजी के लिए जयपुर में सारी व्यवस्था की थी। नितिन फौजी व रामवीर दोनों दोस्त हैं और वह पहले भी नितिन फौजी की मदद कर चुका है। आरोप के मुताबिक 5 दिसंबर को नितिन फौजी व रोहित राठौड़ ने गोगामेड़ी की हत्या की थी। इस घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपियों को रामवीर ने ही अपनी बाइक पर बैठाकर बगरू टोल प्लाजा से आगे तक छोड़ा था। इसके बाद दोनों आरोपी नागौर डिपो की रोडवेज बस में बैठकर भागने में कामयाब हो गए थे।





