लुधियाना, 29 नवंबर | ढोलेवाल इलाके में दिनदहाड़े मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों को निशाना बनाकर उनसे 25 लाख रुपये लूट लिये हैं।
घटना उस वक्त हुई जब कर्मचारी पेट्रोल पंप का पैसा बैंक में जमा करने जा रहे थे। बैंक के बाहर ही बदमाशों ने रुपयों से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, मैनेजर प्रदीप सिंह दोपहर करीब साढ़े तीन बजे अपने साथी कर्मचारी मलकीत सिंह के साथ कार में ढोलेवाल स्थित बैंक में 25 लाख रुपये की रकम जमा कराने जा रहे थे।
इसी बीच पंप कर्मचारियों को लगा कि कुछ लोग उनकी कार का पीछा कर रहे हैं लेकिन उन्होंने इसे नजरअंदाज कर दिया। जैसे ही कर्मचारी कैश बैग लेकर कार से बाहर निकले और जैसे ही बैंक के सामने पहुंचे, मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए आरोपियों ने उनसे 25 लाख रुपये का कैश बैग लूट लिया और फरार हो गए।
यह बात भी सामने आई है कि बदमाशों के पास कोई हथियार नहीं था। घटना के बाद पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन बदमाश हड़बड़ी में मौके से भाग निकले। सूचना के बाद एडीसीपी और एसीपी ने मौके पर पहुंच मामले की जांच शुरू की। पुलिस द्वारा घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।





