जालंधर। पंजाब मंत्रिमंडल में बड़ा फेरबदल हुआ है। डा. बलबीर सिंह को स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया है। इससे पहले यह विभाग चेतन सिंह जौड़ामाजरा के पास था। इस मंत्रिमंडल के फेरबदल में जालंधर के हाथ फिर खाली रह गए हैं। इससे पहले मान सरकार के पहले मंत्रिमंडल में भी जालंधर को कोई स्थान नहीं मिला था।
गुजरात विधानसभा चुनावों के बाद पिछले एक महीने से पंजाब मंत्रिमंडल में जल्द विस्तार की खबरें सुर्खियां बनी थी और आशा प्रकट की जा रही थी कि जालंधर सैंट्रल हलके से रमन अरोड़ा, वैस्ट हलके से शीतल अंगुराल, करतारपुर से बलकार सिंह और नकोदर विधानसभा हलके से इंद्रजीत कौर मान आम आदमी पार्टी के चार विधायक होने के चलते किसी विधायक को मंत्री पद से नवाजा जा सकता है, लेकिन ऐसा हुआ नहीं है। भगवंत सिंह मान की सरकार में ज्यादातर मंत्री मालवा क्षेत्र से हैं और उसके बाद माझा क्षेत्र का नाम आता है। दोआबा क्षेत्र से केवल ब्रह्म शंकर जिंपा को मंत्री बनाया गया है।
कभी जालंधर से मंत्रिमंडल में रहे चार-चार मंत्री
1992 से लेकर 1997 तक पंजाब में बेअंत सिंह की सरकार रही। इस सरकार में जालंधर से मोहिंदर सिंह केपी, चौधरी जगजीत सिंह, अमरजीत सिंह समरा, बृजभूपिन्द्र सिंह लाली मंत्री रहे। 1997 से लेकर 2002 तक भाजपा से मनोरंजन कालिया, अजीत सिंह कोहाड़ मंत्री पद पर रहे। फिल्लौर से मास्टर सरवण सिंह भी अकाली दल के मंत्री रहे।
2002 में कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने सत्ता संभाली तो जालंधर से चौधरी जगजीत सिंह, अमरजीत सिंह समरा, अवतार हैनरी, मोहिंदर सिंह केपी मंत्री पद पर रहे। 2007 में हुए सत्ता परिवर्तन के बाद अकाली-भाजपा की लगातार दो बार सत्ता रही। जालंधर से सी.पी.एस. केडी भंडारी, अविनाश चंद्र क्लेर, मास्टर सरवण सिंह, मनोरंजन कालिया व उनके बाद भगत चुन्नी लाल सत्ता का हिस्सा रहे।





