जालंधर, 24 मार्च | महज पांच साल का एक बच्चा इतनी गंभीर बिमारी में फंस गया है कि उसको बचाने का रास्ता मां-बाप भी नहीं ढूंढ पा रहे हैं।
फिल्लौर के रहने वाले 5 साल के भगत सिंह नाम के बच्चे को वो बीमारी हुई है जो करोड़ों में किसी एक को ही होती है। इसके इलाज के लिए 27 करोड़ रुपए का इंजेक्शन लगना है जो गरीब परिवार पर दुखों के पहाड़ के बराबर ही है।
भगत सिंह के पिता का कहना है कि बच्चा जब स्कूल जाने लगा तो पता चला कि वो बाकियों के मुकाबले उतना एक्टिव नहीं है। वो ठीक से चल-फिर नहीं पाता। इसके बाद इलाज के दौरान पता चला उसे इतनी गंभीर बीमारी है जिसका इलाज सिर्फ अमेरिका में ही हो सकता है।
मीडिया से बात करते हुए पिता ने मदद की गुहार लगाते हुए कहा कि समाज सेवी संस्थाएं और सरकार की मदद से ही बच्चे को बचाया जा सकता है। अब वह स्कूल भी नहीं जाता क्योंकि डॉक्टरों का कहना है कि उसे अकेला ना छोड़ा जाए।
डाक्टरों का कहना है कि बच्चे को ये टीका 10 साल की उम्र से पहले ही लगाना जरूरी है तभी उसकी जान बचाई जा सकेगी। परिवार ने पंजाबियों और एनआरआई से मदद की गुहार लगाई है।