मोहाली, 16 दिसंबर | मोहाली के सुनेटा में पुलिस और बदमाशों के बीच गोलीबारी हुई। मोहाली पुलिस के सीआईए स्टाफ और 2 गैंगस्टरों के बीच फायरिंग हुई। दोनों बदमाशों की पहचान प्रिंस और करमजीत के रूप में हुई है। नाका तोड़कर भाग रहे दोनों बदमाशों ने पुलिस की गाड़ी पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में प्रिंस के पैर में गोली लगी है। फिलहाल दोनों को पकड़ लिया गया है।

ये दोनों कार चोरी, फिरौती के मामले में वांछित थे। आपको बता दें कि पुलिस बदमाशों का पीछा कर रही थी। कुछ दिन पहले जीरकपुर के पीर मुछल्ला में एक गैंगस्टर को गोली मारी गई थी। इसके बाद लुधियाना में भी बदमाशों से मुठभेड़ हुई। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह ने गैंगस्टरों को चेतावनी दी थी कि किसी को भी चौक पार करने की इजाजत नहीं दी जाएगी, जिसके बाद से पुलिस की कार्रवाई जारी है।





