डेराबस्सी/चंडीगढ़, 9 दिसंबर| यहां एक मनहूस खबर सामने आई है। डेराबस्सी के एसबीपी सोसायटी के फ्लैट की ऊपरी मंजिल से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 18 साल के अनमोल बंसल के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। उनका आरोप है कि उनके बेटे को फ्लैट में बुलाया गया और मार डाला गया। पुलिस ने शव को डेराबस्सी के सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, अनमोल अपने दोस्त के घर 11वीं मंजिल पर जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गया था, जहां फ्लैट की छत से अचानक गिर गया। साथी दोस्त उसे डेराबस्सी सिविल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष अजितेश कौशल ने बताया कि मामले की सूचना मिलने पर मौके पर जाकर जांच की गयी। अनमोल की मौत अचानक हादसा है या हत्या, इस बारे में जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।





