राजस्थान के हनुमानगढ़ में दर्दनाक हादसे में पंजाब के तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई। वहीं चार लोग घायल हैं। इस श्रद्धालुओं का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। हनुमानगढ़ जाते वक्त इन युवाओं ने वीडिया बनाया। मगर किसी को क्या पता था कि यह उनका आखिरी वीडियो होगा। दरअसल, हनुमानगढ़ के गांव शेरगढ़ के नजदीक सोमवार सुबह घनी धुंध के कारण एक ट्राला ने श्रद्धालुओं से भरे पीटर रेहड़े को टक्कर मार दी। हादसे में तीन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हैं। उन्हें अस्पताल में दाखिल करवाया गया। पंजाब के फिरोजपुर जिले के गांव 9 बहराम शेर सिंह वाला निवासी यह श्रद्धालु राजस्थान के रावतसर में माथा टेकने गए थे।
तहसील ममदोट के अंतर्गत आते गांव 9 बहराम शेर सिंह वाला के सरपंच जोगिंद्र सिंह ने बताया कि उनके ही गांव के कुछ श्रद्धालु नए वर्ष के अवसर पर एक बाइक के पीछे लगे पीटर रेहड़े में सवार होकर राजस्थान के रावतसर में माथा टेकने गए थे। सोमवार सुबह जब यह लोग पीटर रेहड़े पर वापस आ रहे थे तो हनुमानगढ़ के नजदीक गांव शेरगढ़ के पास धुंध के कारण सेब की पेटियों से भरे ट्राले ने टक्कर मार दी।
हादसे में पीटर रेहड़ा और ट्राला दोनों ही सड़क पर पलट गए। इस घटना में पीटर रेहड़े पर सवार बलविंद्र सिंह पुत्र बलकार सिंह, गुरविंद्र सिंह पुत्र जोगिंद्र सिंह और गुरचरणजीत सिंह पुत्र किशोर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं साथी गुरमीत सिंह पुत्र जोगिंद्र सिंह, जसविंद्र सिंह पुत्र मनोहर सिंह, रतन सिंह पुत्र जग्गा सिंह और बलविंद्र सिंह बुरी तरह से घायल हो गए। घटना का पता चलते ही आसपास के लोगों ने घायलों को अस्पताल में दाखिल करवाया। इधर, सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।





