चंडीगढ़, 31 दिसंबर | पंजाब में ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। ठंड के साथ-साथ कोहरे ने लोगों का घर से निकलना मुश्किल कर दिया है। मौसम विभाग ने राज्य के 11 जिलों में घने कोहरे और ठंड का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों के 80 स्थानों पर अधिक घना कोहरा छाया रहेगा।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि बहुत जरूरी होने पर ही घर से निकलें और घर से निकलते वक्त चेहरे को ढक लें और गाड़ी की फॉग लाइट का इस्तेमाल करें ताकि कोई दिक्कत न हो।
राज्य सरकार ने कोहरे और सर्दी के कारण सुविधा केंद्रों के समय में बदलाव किया है। सेवा केंद्र सुबह 9.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक खुले रहेंगे। फिलहाल ये बदलाव 10 जनवरी तक के लिए किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, सीमावर्ती जिलों अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, मनसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, मोहाली में घना कोहरा और ठंड पड़ने का अनुमान है जबकि पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, फिरोजपुर, फाजिल्का में , फरीदकोट, मुक्तसर, बरनाला के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी।
सुबह के समय अमृतसर और बठिंडा में दृश्यता शून्य, पटियाला में केवल 25 मीटर, लुधियाना और आदमपुर में 50 मीटर से कम दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक 5 जनवरी 2024 तक मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन ठंड का प्रकोप बढ़ेगा। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 8.8, लुधियाना में 9.2, पटियाला में 8.9, पठानकोट में 7.9, गुरदासपुर में 7.0 और मोगा में 7.6 डिग्री दर्ज किया गया।





