छेहरटा : एक तरफ पुलिस नशा तस्करों पर शिकंजा कसने के दावे कर रही हैं, दूसरी तरफ वह अपने ही विभाग में नशा करने वाले मुलाजिमों को चिन्हिति करके उन पर नकेल कसने में विफल साबित हो रही है।
इसी का नतीजा है कि ढींगरा कालोनी में पिछले कुछ दिनों से कार में नशा करने वाले दो पुलिस मुलाजिमों को लोगों ने रंगे हाथ काबू कर लिया। फिर वहां मुलाजिमों ने जमकर धौंस जमाई और हंगामा होने की सूचना पर पुलिस वहां पहुंची तो उनके हवाले कर दिया। यह घटना सोमवार दोपहर करीब दो बजे की है।
पास के इलाके से लेते थे नशा
छेहरटा पुलिस थाने के अधीन रामतीर्थ रोड स्थित ढींगरा कालोनी में रहने वाले कुलजीत सिंह, हरजीत सिंह, अमरजीत सिंह और हरपाल सिंह ने बताया कि पिछले काफी दिनों से उनकी कालोनी के बाहर एक कार में दो पुलिस कर्मी पिछले कुछ दिनों से नशीले पदार्थों का सेवन करते आ रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि वे यहीं पास के किसी इलाके से नशा लेते थे। उन्हें वहां से गुजरने वाले इलाके के लोग भी देख रहे थे। इससे बच्चों और महिलाओं में काफी गलत संदेश जा रहा था। एक-दो बार इलाके के लोगों ने दोनों मुलाजिमों को समझाया तो वे पुलिस वर्दी की धौंस दिखाने लगे।





