लुधियाना। कमिश्नरेट पुलिस ने जीरकपुर से टैक्सी हायर कर लुधियाना आकर लूटने वाले गिरोह के 2 आरोपियों को काबू किया है जिनमें एक महिला भी शामिल है जबकि गिरोह के 5 सदस्य अभी फरार हैं। पकड़े गए आरोपी रणजीत सिंह और लवप्रीत कौर उर्फ प्रीति हैं। दोनों आरोपी ढिल्लों नगर के रहने वाले हैं। उनसे मोबाइल, लूटी हुई स्विफ्ट कार और अन्य सामान बरामद हुआ है, जबकि फरार आरोपी सोनू गुप्ता उर्फ सोनू शूटर, मनजोत सिंह उर्फ ज्योति, इंद्रजीत सिंह उर्फ गांधी और 2अज्ञात है। उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।
पुलिस कमिश्नर मंदीप सिंह सिद्धू ने बताया कि आरोपी महिला प्रीति जीरकपुर में ऑर्कैस्ट्रा का शो लगाने गई थी। शो रद्द हो जाने पर उसने 5 दिसम्बर की रात को 2500 रुपए में ऑनलाइन टैक्सी बुक की। बुकिंग पर ड्राइवर संदीप कुमार निवासी डेराबस्सी स्विफ्ट कार लेकर जीरकपुर से लुधियाना महिला को छोड़ने आ रहा था। जब वह डाबा के लोहारा के पास पहुंचा तो प्रीति ने बहाना बनाया कि उसके पास कैश नहीं है और उसका गूगल-पे नहीं चल रहा है, ड्राइवर यहीं रुके वह अपने भाई को बुला लेती है। इसी दौरान आरोपी महिला ने अपने साथियों को फोन कर लोकेशन भेज दी। लोहारा गांव नजदीक 2 बाइकों पर 5 युवक तेजधार हथियारों के साथ पहुंच गए। आरोपियों ने उससे मारपीट की और गाड़ी की चाबी के साथ-साथ उसका पर्स, मोबाइल फोन और 85000 रुपए की नकदी लूट ली और फरार हो गए।
ड्राइवर की समझदारी से पकडे गए लुटेरे
ड्राइवर संदीप की समझदारी से वारदात जल्द हल हो गई। संदीप ने गाड़ी में एक अलग से बटन लगवाया था। उस बटन की मदद से टैंक से आने वाला पैट्रोल बंद हो जाता था। बदमाश जब गाड़ी उससे छीनने लगे तो संदीप ने होशियारी दिखाते हुए बटन दबा दिया। करीब 500 मीटर की दूरी पर जाकर गाड़ी खुद ही बंद हो गई। बदमाशों ने सोचा कि शायद तेल खत्म हो गया। इस बीच बदमाश कार वहीं सड़क पर छोड़कर फरार हो गए थे जिसके बाद थाना डाबा की पुलिस को शिकायत दी। इसके बाद एस.एच.ओ. इंस्पैक्टर रणधीर सिंह ने पुलिस पार्टी के साथ प्रीति को पकड़ लिया और उसकी निशानदेही पर आरोपी रणजीत को भी पकड़ लिया।





