तरनतारन, 15 दिसंबर | पंजाब पुलिस के पूर्व कांस्टेबल जगदीप सिंह को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने ‘अमेरिकाज गॉट टैलेंट’ में भी हिस्सा लिया है। पंजाब पुलिस में कांस्टेबल रहे 7.6 फीट लंबे जगदीप सिंह उर्फ दीप सिंह को ड्रग्स के साथ पकड़ा गया है. दीप सिंह की ये गिरफ्तारी तरनतारन से हुई है।

स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल को सीमा पार से 500 ग्राम हेरोइन की डिलीवरी की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने तरनतारन में गुप्त ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान दीप सिंह अपनी बलेरो कार से वहां पहुंचा। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके पास से 500 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इनके साथ दीप के 2 साथी भी थे जिन्हें हिरासत में लिया गया है।

आपको बता दें कि जगदीप सिंह अमेरिका गॉट टैलेंट में भी हिस्सा ले चुके हैं और कुछ समय बाद वह दोबारा अमेरिका जाने वाले थे लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुराना पुलिसकर्मी होने के कारण दीप सिंह को नाकों पर पूछताछ के लिए नहीं रोका जाता था और इसी का फायदा उठाकर दीप सिंह ने हेरोइन की तस्करी शुरू कर दी। पुलिस जल्द ही उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड हासिल करेगी।
तरनतारन पुलिस ने बीर खालसा ग्रुप के दीप सिंह को 500 ग्राम हेरोइन समेत गिरफ्तार किया है। यह हेरोइन तरनतारन में एसएसओसी द्वारा चेकिंग के दौरान पकड़ी गई। दीप सिंह अपनी लंबी हाइट के लिए जाने जाते हैं। दीप सिंह ने 22 साल से चल रहे बीर खालसा गतका ग्रुप के सदस्यों के साथ हैरतअंगेज करतब दिखाकर कई बार देश-विदेश में अपना नाम रोशन किया है।





