अमृतसर | पुलिस थाना अजनाला के अधीन पड़ते गुराला गांव में रहने वाले गुलजार मसीह (65) और उसके बेटे मैनुअल मसीह को पड़ोसी ने तेजधार हथियारों से हमला करके जख्मी कर दिया। इलाज के दौरान गुलजार की अस्पताल में मौत हो गई। घटना शुक्रवार रात की है।
पुलिस ने गुराला गांव निवासी मूसा मसीह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। गुराला गांव निवासी एलस मसीह ने पुलिस को बताया कि उसका पति गुलजार मसीह और बेटा मैनुअल मसीह मजदूरी करते हैं। उन्होंने अपने घर में मुर्गियां रखी हुई हैं।
अकसर मुर्गियां पड़ोस में रहने वाले मूसा मसीह के घर में चली जाती थीं। इस पर मूसा झगड़ा करने लगता था। लोहड़ी की रात भी कुछ मुर्गियां मूसा के घर में चली गईं और शोर होने पर वह उसके घर में जाकर मुर्गियों को ले आईं।
इसके बाद मूसा तेजधार हथियार लेकर उनके घर में घुसा और गाली-गलौज करते हुए उसके पति पर हमला कर जख्मी कर दिया। जब बेटे ने पिता को बचाने का प्रयास किया तो मूसा ने हथियार से उसे भी जख्मी कर दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद मूसा फरार हो गया। एलस ने बताया कि उसने पिता-पुत्र दोनों को अस्पताल में दाखिल करवाया। रविवार को उनके पति गुलजार की मौत हो गई। उन्हें पास के कब्रिस्तान में दफना दिया गया।
बाद में रिश्तेदारों को जब घटना का पता चला तो सब ने मिलकर अजनाला थाने में शिकायत दर्ज करवाई। आरोपित फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।
जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस को सूचना दिए बगैर पीड़ित परिवार ने गुलजार के शव को दफना दिया था। आलाधिकारियों के ध्यान में इस मामले को लाया गया। इसके बाद सोमवार को तहसीलदार की मौजूदगी में अजनाला थाने की पुलिस गुराला गांव के कब्रिस्तान में पहुंची।
वहां पर मजदूरों की सहायता से शव को निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। अब मंगलवार सुबह मेडिकल कालेज के पोस्टमार्टम हाउस में गुलजार के शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।