पंजाब के लुधियाना में पुलिस ने ज्वाला सिंह चौक से वाहन चोर गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपी चोरी के वाहनों को बेचने के लिए जा रहे थे। उसी दौरान पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों को काबू कर लिया। आरोपी चोरी के वाहनों की नंबर प्लेट बदलकर वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से 6 बाइक, एक एक्टिवा, 2 मोबाइल बरामद किए हैं।
जल्द अमीर होना चाहते थे आरोपी
पुलिस ने बालाजी एन्क्लेव निवासी सन्नी कुमार उर्फ शंकर, हैबोवाल की बैंक कॉलोनी निवासी संदीप सिंह उर्फ भाऊ, हैबोवाल निवासी हरमीत सिंह और बचन सिंह नगर निवासी विशाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी जल्द अमीर होने के चक्कर में वाहन चुराने लगे थे।
गिरोह के 3 सदस्य अभी भी फरार
ACP मनदीप सिंह ने कहा कि गिरोह के 3 सदस्य राणा, जसविंदर जस्सी और सतिंदर सिंह को गिरफ्तार किया जाना बाकी है। संदीप सिंह उर्फ भाऊ थाना डिवीजन नंबर 4 में दर्ज 5 साल पुराने मामले में घोषित अपराधी है। इसके अलावा उसके खिलाफ दो और मामले भी दर्ज हैं। सन्नी कुमार पर 2 मुकदमे चल रहे हैं, विशाल के खिलाफ एक मामला दर्ज है।
आरोपी नशा करने के आदी
हैबोवाल थाना के SHO इंस्पेक्टर बिट्टन कुमार ने बताया कि दूसरे मामले में पुलिस ने आशियाना कॉलोनी जस्सियां निवासी एक आरोपी गौरव वर्मा उर्फ गोरा को बलोके गांव के श्मशान घाट के पास से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक बाइक बरामद की है। इंस्पेक्टर बिट्टन ने बताया कि सभी आरोपी नशे का आदी है और नशे की जरूरत को पूरा करने के लिए वह चोरियों करता है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। आरोपियों से और भी बरामदगी की उम्मीद है।





