जालंधर, 28 नवंबर| जालंधर में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की टीम ने मोगा से फिल्मी स्टाइल में हेरोइन सप्लाई करने आए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी को एसटीएफ ने मेन बाजार मिलाप चौक के पास स्थित खरोडास वाली गली से पकड़ा है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मोहाली के एसटीएफ थाने में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोगा के धर्मकोट निवासी हरजिंदर और हरदीप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से आधा किलो हेरोइन बरामद की है।
एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक उक्त आरोपी जालंधर में नशे की खेप सप्लाई करने आया था। सामान लेने वाले व्यक्ति को मिलाप चौक के पास बुलाया गया। गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ ने 2 तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। चेकिंग के दौरान गाड़ी के अंदर से 500 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
सूचना मिलते ही एसपी जगजीत सिंह सरोआ और थाना डिवीजन नंबर 3 की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। साथ ही पुलिस जल्द ही आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लेगी। आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि उक्त आरोपी कितनी मात्रा में नशीला पदार्थ किसके पास लेकर आया था।





