जालंधर, 17 दिसंबर| कपूरथला रोड स्थित बस्ती इब्राहिम खान में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब पीएपी में तैनात डीएसपी दलबीर सिंह ने गांव के सरपंच भूपिंदर के घर पहुंचकर हवाई फायरिंग कर दी। जिसका ग्रामीणों ने कड़ा विरोध किया।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें ग्रामीण डीएसपी पर दुर्व्यवहार का आरोप लगा रहे हैं। दूसरे वीडियो में सरपंच हंगामा देखकर पिस्तौल अपनी जेब में डालता नजर आ रहा है। आरोप लगाया जा रहा है कि डीएसपी दलबीर सिंह ने डीड राइटर के बेटे पर गोली चलाई है। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि पुलिस ने आरोपी डीएसपी को हिरासत में ले लिया है।
सरेआम फायरिंग की घटना से गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मौके से 2 खोखा बरामद किया है। ग्रामीणों ने डीएसपी पर नशे में होने का आरोप लगाया है। कपूरथला रोड पर गांव मंड के साथ लगती बस्ती इब्राहिम खां निवासी गुरमेज ने बताया कि गांव के सरपंच के घर पर कार्यक्रम था। जहां लोग एकत्रित हुए इसी दौरान उनका बेटा गुरजोत रात को अपने दोस्तों के साथ वहां से गुजर रहा था, तभी कार्यक्रम में आया एक व्यक्ति रास्ता देने को लेकर उससे बहस करने लगा।
गुरमेज ने आरोप लगाया कि खुद को पंजाब पुलिस का डीएसपी बताने वाले शख्स ने रिवॉल्वर निकाली और गोली चला दी। इस बीच ग्रामीणों ने वर्तमान सरपंच पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर मौजूदा सरपंच की मौजूदगी में गांव के बाहर के लोग गोली चलाएंगे तो गांव का माहौल खराब हो जाएगा।
गुरमेज के मुताबिक गांव के सरपंच ने उक्त व्यक्ति से रिवॉल्वर छीनकर अपने पास रख ली। गोली के दो खोखे बरामद किये गये हैं। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीएपी में तैनात डीएसपी दलबीर सिंह को हिरासत में लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।





