अमृतसर, 24 अगस्त | पंजाब के अमृतसर में घर में घुसकर एक एनआरआई को गोलियां मारने का मामला सामने आया है। अमृतसर के दबुर्जी सुबह 7.30 बजे के करीब दो युवक घर में घुसे और परिवार के सामने गोलियां मार दी। फिलहाल पीड़ित घायल है और उसे अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। घटना घर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच सीसीटीवी को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
घायल की पहचान सुखचैन सिंह के तौर पर हुई है। जो अमेरिका में रहता था। एडीसीपी हरपाल सिंह ने बताया कि घटना सुबह तकरीबन 7.30 बजे की है। सुखचैन सिंह जिम जाने से पहले ब्रश कर रहे थे। तभी दो युवक बाइक पर आए और घर में दाखिल हो गए। घर के अंदर दाखिल होते ही आरोपी उनकी मर्सिडिज कार के कागज दिखाने की मांग करने लगे। जब सुखचैन ने इसका विरोध किया तो आरोपी हथियार दिखाकर सुखचैन सिंह को अंदर की तरफ ले गए।
आरोपियों ने पिस्टल से 3 फायर कर दिए। जिनमें से 2 गोलियां सुखचैन सिंह को लगी। आरोपी सुखचैन पर और गोलियां दागना चाहते थे, लेकिन उनका हथियार अटक गया।
अस्पताल में करवाया गया दाखिल
सुखचैन की पत्नी ने बताया कि जब हथियार अटक गया तो आरोपी घर से फरार हो गए। वे तुरंत सुखचैन को अस्पताल में ले आए। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। सुखचैन की पत्नी ने बताया कि वे उनकी दूसरी पत्नी हैं और उनकी पहली पत्नी ने सुसाइड कर लिया था।
पहली पत्नी के परिवार से चल रहा विवाद
पारिवारिक सदस्य परमजीत सिंह ने बताया कि सुखचैन का उनकी पहली पत्नी के परिवार से विवाद चल रहा था। उनकी पहली पत्नी ने सुसाइड किया था। इसके बाद मृतक पत्नी के मायका पक्ष की तरफ से एफआईआर भी करवाई गई थी और मामला कोर्ट में चला था। उनके दो बच्चे हैं, जो सुखचैन के साथ ही रह रहे हैं। उन्होंने बताया कि तकरीबन 5 महीने पहले उन्हें जान से मारने की धमकियां मिली थी।





