जेरूसलम, 23 नवंबर| यहां एक बड़ी खबर सामने आई है। 46 दिन से चल रहे इसराइल-हमास युद्ध में चार दिन के युद्धविराम पर सहमति बन गई है। समझौते के तहत आतंकी संगठन हमास 7 अक्टूबर को अगवा किए गए लोगों में से 50 महिलाओं और बच्चों को रिहा करेगा, इसके बदले में इजराइल अपनी जेलों में बंद 150 फिलिस्तीनी महिलाओं और बच्चों को रिहा करेगा। हत्या के आरोप वाले किसी भी कैदी को इजरायली जेल से रिहा नहीं किया जाएगा। बंधकों की यह अदला-बदली गाजा पट्टी में युद्धविराम के दौरान होगी।
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के आग्रह पर कतर की मध्यस्थता से हुए युद्धविराम समझौते पर भारत समेत पूरी दुनिया ने खुशी जताई है। इससे गाजा में इजरायली हमलों में मारे जा रहे निर्दोष लोगों की जान तो बचेगी ही, साथ ही वहां की 2.3 लाख आबादी की जिंदगी में मुश्किलें भी कम होंगी।
इज़रायली सरकार ने कहा कि युद्धविराम के 4 दिनों के भीतर 50 इज़रायली बंधकों की रिहाई होगी। इसके बाद, 10 इजरायली बंधकों की रिहाई के साथ युद्धविराम को हर दिन एक दिन के लिए बढ़ाया जाएगा। बुधवार सुबह इजरायली कैबिनेट से इजाजत मिलने के बाद इस समझौते को संसद से भी मंजूरी मिल गई। कुछ और औपचारिकताओं के बाद गुरुवार सुबह संघर्ष विराम लागू होने की उम्मीद है।
इसके बाद गाजा में इजरायली सेना और हमास लड़ाकों के बीच लड़ाई बंद हो जाएगी और बंधकों को छुड़ाने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। समझौते के संबंध में इजरायली सरकार के बयान में रिहा किए जाने वाले फिलिस्तीनी कैदियों की संख्या का उल्लेख नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों ने कहा कि 150 से 300 फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा किया जा सकता है।





