Sunday, April 19, 2026
Google search engine

पंजाब विधानसभा का पांचवां सत्र आज से शुरू: पेश होंगे अहम बिल, विपक्ष ने जताया एतराज

चंडीगढ़, 28 नवंबर| आज दोपहर 2 बजे से पंजाब विधानसभा का पांचवां सत्र शुरू होगा। दो दिन के इस सत्र में राज्य सरकार तीन वित्त विधेयकों समेत, हाल ही में कैबिनेट बैठक में पारित किए प्रस्तावों को मंजूरी देगी। दिवंगतों को श्रद्धांजलि देने के साथ सत्र का आरंभ होगा।

अगले दिन बुधवार को सुबह 10 बजे सत्र की शुरुआत होगी और स्पीकर द्वारा इसे अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए जाने तक सत्र चलेगा। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को संकेत दिए कि सरकार विधानसभा सत्र में अनेक लोकहित के बिल पारित करने का जा रही है। हालांकि, उन्होंने इन बिलों का खुलासा नहीं किया। माना जा रहा है कि महिलाओं को 1000 रुपये महीना और गन्ना किसानों के लिए नए दाम पर सदन में मुख्यमंत्री कोई बयान दे सकते हैं।

राज्यपाल की मंजूरी मिलने के बाद सत्र में, पंजाब राजकोषीय उत्तरदायित्व और बजट प्रबंधन (संशोधन) विधेयक 2023, पंजाब माल एवं सेवा कर (संशोधन) विधेयक 2023 और इंडियन स्टांप (पंजाब संशोधन) विधेयक 2023 को पेश किया जाएगा।

वहीं मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने केवल दो दिन का सत्र बुलाने पर कड़ा एतराज जताया और सरकार को सदन में घेरने की तैयारी भी कर ली है। विपक्ष ने स्पीकर को पत्र लिखकर विधानसभा सत्र की अवधि 10 दिन करने की मांग की। सोमवार को नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कानून-व्यवस्था, किसानों से जुड़े मुद्दे, नशा तस्करी, प्रदेश पर बढ़ता कर्ज, सरकारी खजाने की फिजूलखर्ची जैसे 10 मुद्दों को सदन में उठाने के संकेत दिए हैं।

तीन दिन पहले ही मुख्यमंत्री ने सभी आप विधायकों को चाय पर बुलाकर इस विधानसभा सत्र की रणनीति पर चर्चा कर ली है। इस बैठक में मुख्यमंत्री ने अपने विधायकों को सदन की मर्यादा बनाए रखते हुए विपक्ष के सवालों का जवाब देने की हिदायत दी है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments