लुधियाना में पुलिस में भर्ती करवाने के नाम पर युवाओं को ठगने वाली नकली महिला जज व उसके DSP पति को गिरफ्तार किया है। दोनों युवाओं से लाखों रुपए की ठगी कर चुके हैं। महिला का पति मानसा जेल में डिप्टी सुपरिंटेंडेंट है। महिला युवाओं को पुलिस का डर दिखाती थी। पुलिस ने नाकाबंदी करके आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों पर थाना मोती नगर की पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
आरोपियों की पहचान दीप किरन और उसके पति डिप्टी जेल सुपरिंटेंडेंट नरपिंदर सिंह के रूप में हुई है। इनके अलावा सुखदेव सिंह और लुखविंदर सिंह निवासी साहनेवाल और मंडी गोबिंदगढ़ के नाम शामिल है।
5 से 8 लाख में तय होती डील
बताया जा रहा है कि अभी तक करीब 5 शिकायतें पुलिस के पास पहुंच चुकी थी। इन शिकायतों पर वर्क करके पुलिस ने इन धोखेबाज दंपति को गिरफ्तार किया। महिला एक व्यक्ति से 5 से 8 लाख रुपए लेती थी। बताया जा रहा है कि महिला और उसके पति का ये घपलेबाजी का काला कारोबार एक से डेढ़ करोड़ रुपए तक है। महिला युवाओं से पैसे भी ले लेती थी और उसके बाद लोगों के फोन उठाने बंद कर देती थी।
युवकों को दिखावे के लिए कई बार ले जा चुकी जेल
आरोपी महिला दीप किरन मानसा जेल में तैनात पति डिप्टी सुपरिंटेडेंट नरपिंदर से युवाओं की मुलाकात करवा देते थी। युवाओं को भरोसा हो जाता था कि उसकी जेल में पहुंच है। इस कारण वह उस पर आसानी से भरोसा करके लाखों रुपए फीस के रूप में दे देते थे। आरोपी महिला के साथ उसके पति की पूरी मिलीभगत थी जिसके बाद ही पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है। महिला के साथ और कौन लोग इस काम में जुड़े हैं, इसकी भी पुलिस जांच कर रही है।
आरोपियों से हुई बरामदगी
पुलिस कमिश्नर मंदीप सिंह सिद्धू ने कहा कि आरोपियों से पुलिस को 2 वर्दियां सिपाही बिना नाम प्लेट, 1 श्रेया नाम की प्लेट वाली सब इंस्पेक्टर की वर्दी, 1 नकली जॉइनिंग लेटर जिस पर पुलिस अधिकारियों के नकली हस्ताक्षर, 10 फार्म पुलिस भर्ती के, 1 लाख रुपए नकदी, एक स्विफट कार, एक फॉर्च्यूनर कार, 1 सोने का मंगलसूत्र, सोने के रिंग जो नरपिंदर ने ठगी के पैसे से दीप किरन के लिए खरीदी थी वह बरामद की है।





