चंडीगढ़, 16 दिसंबर| देश के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है, जिससे मैदानी इलाकों में भी ठंड बढ़ गई है। पंजाब और हरियाणा में भी घना कोहरा पड़ रहा है। मौसम विभाग ने पंजाब के 15 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 19 दिसंबर तक घना कोहरा छाया रहेगा। कोहरे का असर रेलवे सेवाओं पर भी पड़ा है। दिल्ली, अमृतसर और जम्मू रेलवे पर चलने वाली ट्रेनें कल से प्रभावित हैं। लंबी दूरी की ट्रेनें कई घंटों की देरी से चल रही हैं।

IMD के मुताबिक आज पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, शहीद भगत सिंह नगर, कपूरथला और जालंधर में बारिश की संभावना है, जबकि कई जिलों में कोहरे के कारण येलो अलर्ट जारी किया गया है। कोहरे के कारण दृश्यता 50 से 100 मीटर के बीच रह सकती है।
19 दिसंबर तक घने कोहरे और धुंध को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, इस दौरान न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। वहीं शुक्रवार को बठिंडा सबसे ठंडा रहा जहां न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि मोगा में 5.1 डिग्री, अमृतसर और एसबीएस नगर में 5.4 डिग्री, चंडीगढ़ में 7.4, लुधियाना में 7.5 और रोपड़ में 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।





