पठानकोट, 7 दिसंबर| हिमाचल के एक कैफे में काम करने वाले युवक का शव मिला है। युवक पठानकोट का रहने वाला था। जानकारी के अनुसार वह पिछले 20 दिनों से लापता था।
पठानकोट जिले के गगवाल गांव के रहने वाले अभिमन्यु भनोट का शव 20 दिन बाद चंबा-भरमौर हाईवे पर रावी नदी से बरामद हुआ है। हिमाचल पुलिस ने बयानों के आधार पर फूड कैफे के मालिक समेत 15 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के मुताबिक, अभिमन्यु भनोट हिमाचल के लूना में एक फूड कैफे में काम करता था, जो 16 नवंबर को लापता हो गया था। कैफे मैनेजर ने थाने में अभिमन्यु की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया जा रहा है कि फूड कैफे संचालक की कुछ लोगों से पुरानी दुश्मनी थी।
शिकायतकर्ता मृतक के भाई भीष्म भनोट ने पुलिस को बताया कि उनके भाई अभिमन्यु ने फोन करके बताया था कि 14 लोगों ने कैफे में आकर उन पर हमला किया है और उनकी जान को भी खतरा है।
अभिमन्यु अपनी जान बचाने के लिए मुख्य सड़क पर आ गया लेकिन कुछ देर बाद अचानक फोन बंद हो गया। चंबा के एसपी अभिषेक यादव और एएसपी विनोद धीमान ने परिवार को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। इस बीच पुलिस ने 4 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।





