लुधियाना के कस्बा जगराओं स्थित डल्ला नहर में गिरी जेन कार से दो युवक इकबाल और मनजिंदर को लोगों ने बचा लिया। जबकि कार के आगे वाली सीट पर बैठे दिलप्रीत और सतनाम पानी में बह गए थे। दिलप्रीत का शव 1 दिन पहले शव मिल गया था। जबकि सतनाम के शव बीते कल मिला है।
आज दोनों दोस्तों का गांव लक्खा के श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
शुक्रवार देर शाम दिलप्रीत का शव डल्ला नहर से करीब 11 किलोमीटर दूर मोगा के गांव दोधर में मिला था। वहीं शनिवार काफी जद्दोजहद के बाद सतनाम का शव भी गोताखोरों ने खोज निकाला।
नहर का पानी बंद करवा मिला सतनाम का शव
गांव लक्खा और डल्ला की पंचायत ने साझे तौर पर नहर का पानी बंद करवाया। वहीं दोधर नहर के आगे सारे गेट खुलवा दिए गए। पीछे पानी बंद और आगे गेट खुल जाने से अबोहर ब्रांच अखाड़ा नहर से मोगा की और तेज गति से बहने लगा। कुछ ही समय बाद नहर खाली हो गई।
इसके बाद सतनाम का शव गोताखोरों को मिल गया। सतनाम के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रखवा दिया गया है। शव मिलने के बाद ही सतनाम के परिवार को घटना की पूरी जानकारी दी गई।
डेढ़ वर्ष का बेटा देगा मुखाग्नि
सतनाम के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा डेढ़ वर्ष का है। वहीं छोटा बेटा अभी 7 महीने का है। डेढ़ वर्ष का बेटा आज अपने पिता की चिता को मुखाग्नि देगा। छोटे बेटे की सतनाम ने पहली लोहड़ी मनानी थी। जिसकी तैयारियां भी परिवार में खूब चल रही थी। युवकों की मौत के बाद गांवों में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि आज कनाडा से दिलप्रीत का बड़ा भाई भी आ जाएगा।





