बठिंडा, 3 दिसंबर| यहां बाबा दीप नगर पटियाला रेलवे फाटक के पास ट्रेन के इंजन की चपेट में आने से 29 वर्षीय पिता और 3 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। दोनों लाइन पार कर रहे थे तभी अचानक इंजन से टकरा गए। यह घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है।
सहारा जनसेवा की हेल्पलाइन पर सूचना मिली कि बाबा दीप सिंह नगर से गुजरने वाली रेलवे लाइन पर ट्रेन के इंजन की चपेट में आने से एक युवक और एक बच्चा घायल हो गए हैं। संस्था के कार्यकर्ता जब मौके पर पहुंचे तो देखा कि युवक मणि की मौत हो चुकी थी, उसका 3 वर्षीय पुत्र कायश कुमार घायल अवस्था में वहां तड़प रहा था। उसे सिविल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में ले जाया गया।
बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे एम्स रेफर कर दिया गया। जांच अधिकारी अमनदीप सिंह ने बताया कि उक्त युवक के ससुर के बयानों के आधार पर उक्त मामले में धारा 174 के तहत कार्रवाई की गई है। युवक प्राइवेट सेक्टर में नौकरी करता था, उसके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है।





