नेशनल, 25 जुलाई | ठाणे की एक महिला को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पाकिस्तान जाने और ऑनलाइन निकाह करने के मामले में पुलिस और आईबी (इंटेलिजेंस ब्यूरो) द्वारा पूछताछ की जा रही है। महिला ने ऑनलाइन संपर्क के बाद एक पाकिस्तानी व्यक्ति से निकाह किया और वापस लौटने पर उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
बता दें कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट और वीजा प्राप्त कर अपनी दो बेटियों के साथ पाकिस्तान जाकर लौटने वाली सलमा खान (बदला हुआ नाम) ने माना कि वह करीब 2 महीने पहले पाकिस्तान में अपने पति के साथ थी। ठाणे की वर्तकनगर पुलिस ने सलमा सहित उसका पैन और आधार कार्ड बनाने वाले युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि सलमा का पैन और आधार कार्ड बनाने वाले से भी पूछताछ की गई है। सूत्रो के मुताबिक, भारत के विदेश विभाग के किसी अधिकारी को सलमा के दस्तावेजों को लेकर कुछ आपत्तिजनक लगा, जिसके बाद मामला बाहर आया।
पुलिस के अनुसार, सलमा का दावा है कि उसने कोई फर्जी डॉक्यूमेंट नहीं बनाया है। सलमा ने बताया कि उसका 2012 में निकाह हुआ था और उसकी दो बेटियां हैं। उसका पति उसकी देखभाल नहीं करता था और न ही कोई काम करता था। इसके चलते उसने पति को छोड़ दिया था। पति को छोड़ने के बाद 2015 में उसने आधिकारिक रूप से नाम बदल लिया था और दूसरा नाम रख लिया।
सलमा के मुताबिक, वह 2021 में सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान निवासी सलमान (बदला हुआ नाम) के संपर्क में आई थी। धीरे-धीरे दोनों में दोस्ती हुई और फिर प्यार हो गया। दोनों वॉट्सऐप पर विडियो कॉल करते थे। कुछ समय बाद दोनों के परिजनों ने निकाह का फैसला किया।
(Note : पंजाब की जरूरी खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए पंजाब बुलेटिन के वट्सएप ग्रुप https://shorturl.at/PkYaq या वट्सएप चैनल https://shorturl.at/VbSTV से जुड़ें।)