कैलिफोर्निया, 12 दिसंबर | दुनिया भर में तीन में से एक व्यक्ति का निजी डेटा बिना बताए चोरी हो रहा है। यह दावा उद्योग जगत की 1,600 से अधिक कंपनियों के सर्वेक्षण में किया गया है।
साइबर सुरक्षा कंपनी रूब्रिक की ओर से वेकफील्ड रिसर्च द्वारा आयोजित सर्वेक्षण में 500 या अधिक कर्मचारियों वाली कंपनियों के आईटी और सुरक्षा नीति निर्माताओं ने भाग लिया। रूब्रिक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और सह-संस्थापक विपुल सिन्हा ने कहा कि वैश्विक साइबर उद्योग प्रति वर्ष 200 अरब डॉलर का उत्पादन कर रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार, भारत में 34 प्रतिशत आईटी लोग इस बात से सहमत हैं कि डेटा सुरक्षा जोखिमों को प्रबंधित करने की उनकी क्षमता उनके बढ़ते डेटा स्टोर के अनुरूप नहीं है। लगभग 54 प्रतिशत भारतीय कंपनियों का मानना है कि एआई को अपनाने से संवेदनशील डेटा की सुरक्षा करने की उनकी क्षमता पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा, जबकि 24 प्रतिशत को कोई प्रभाव नहीं पड़ने की उम्मीद है।
यह रिपोर्ट इस साल 30 जून से 11 जुलाई के बीच अमेरिका, ब्रिटेन और भारत समेत 10 देशों में किए गए ‘वेकफील्ड रिसर्च’ सर्वे के आधार पर तैयार की गई है।





