पटियाला | यहाँ के नाभा के गांव रन्नो निवासी एक महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति का मर्डर करवा दिया। मृतक की पहचान जसबीर सिंह के रूप में हुई है। महिला के लवर ने हत्याकांड को दुबई से पंजाब आकर 2 अन्य साथियों की मदद से अंजाम दिया। हत्याकांड की किसी को भनक नहीं लगे, इसके लिए हत्यारों ने शव को साहनीपुर के समीप से गुजरती नहर में फैंक दिया। जसबीर सिंह के भाई रेशम सिंह ने 4 जनवरी को थाना भादसों के SHO मोहन सिंह को भाई की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
इसके बाद SSP पटियाला वरूण शर्मा ने विशेष टीम गठित की। फिर जांच टीम ने केस की पड़ताल कर हत्यारोपियों का पर्दाफाश कर उन्हें गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की। हत्यारोपियों में मृत जसबीर सिंह की पत्नी और उसके प्रेमी कुलदीप सिंह समेत उसके 2 अन्य साथी प्रदीप सिंह व बूटा सिंह शामिल हैं।
नाभा की थाना भादसों पुलिस ने बताया कि हत्यारोपियों ने जसबीर सिंह की पत्नी के कहने पर वारदात को अंजाम दिया। आरोपी कुलदीप सिंह 12 दिसंबर को ही दुबई से पंजाब लौटा था। इसके बाद उसने हत्यारोपी महिला से शारीरिक संबंध बनाए। फिर महिला ने प्रेमी कुलदीप सिंह से अपने पति को रास्ते से हटाने की बात कही।
कुलदीप सिंह और उसके साथियों ने जसबीर सिंह की हत्या के 2-3 विफल प्रयास किए। लेकिन 2 जनवरी 2023 को जसबीर सिंह को अपने साथ ले जाकर पहले गांव साहनीपुर में नहर के किनारे शराब पिलाई। फिर जसबीर सिंह के गले पर तेजधार हथियार से वार कर उसकी हत्या कर डाली। हत्यारोपियों ने जसबीर सिंह को उसकी मोटरसाइकिल सहित नहर में फैंक दिया। जांच टीम ने सबूत जुटाकर हत्यारोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच के अनुसार जसबीर सिंह की हत्यारोपी पत्नी का दुबई निवासी कुलदीप सिंह से इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क हुआ और फिर उनकी दोस्ती हुई। इसके बाद कुलदीप सिंह दुबई से पंजाब लौटा और प्रेमिका से शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद उन्होंने जसबीर सिंह की हत्या की साजिश रची।
पुलिस ने हत्याकांड के कई दिन बाद हत्यारोपियों की निशानदेही पर जसबीर सिंह की मोटरसाइकिल, मोबाइल और उनके कपड़े नहर से बरामद किए। जसबीर सिंह का शव भी थाना गंडा खेड़ी से करीब 5-6 किलोमीटर दूर नहर से बरामद किया गया। पुलिस ने जसबीर सिंह की हत्या का कारण उनकी पत्नी के कुलदीप सिंह से अवैध संबंध होना बताया।





