लुधियाना | साहनेवाल इलाके में सड़क पार करते समय तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक अधेड़ की मौत हो गई| इस मामले में साहनेवाल थाने की पुलिस ने मृतक नरेश कुमार (46) के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस को जानकारी देते हुए गांव भामड़ी खन्ना निवासी प्रिंस कुमार ने बताया कि शाम के समय उसका पिता नरेश कुमार साहनेवाल क्षेत्र के कटारिया ढाबा के पास मुख्य सड़क पार कर रहा था। इसी बीच दिल्ली की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसा इतना भयानक था कि नरेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। इस मामले में साहनेवाल थाने की पुलिस ने प्रिंस के बयान पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने के बाद कार की तलाश शुरू कर दी है।





