चंडीगढ़ः मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा है कि पंजाब में नशा तस्करों की संपत्ति को जब्त किया जाएगा। मंगलवार को राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर संपत्ति जब्त करने के लिए कानून में संशोधन की जरूरत है, तो इसे फौरन अमल में लाया जाए। जिन तस्करों का रिकार्ड पुलिस के पास है, उनकी संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया शुरू हो।
सर्वसम्मति से पारित होंगे प्रस्ताव
मान ने कहा अगर किसी भी जिले के पुलिस अधिकारी के अधिकार क्षेत्र में नशा बिकता है तो इस कोताही के लिए संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे। उन्होंने नशा तस्करी में शामिल अधिकारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए। कहा कि गांवों के लोग अपने-अपने गांव को नशा मुक्त बनाने के लिए सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित करने को यकीनी बनाएं।
इस काम को यकीनी बनाने के लिए गांवों को ग्रामीण विकास फंड के तहत अलग अगल ग्रांट व अन्य लाभ देने को पहल दी जाएगी। जो भी गांव इन प्रस्तावों को पास करेंगे उन गांवों की सुरक्षा को भी यकीनी बनाया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि राज्य में नशे का कारोबार करने वाली बड़ी मच्छलियों को भी गिरफ्तार किया गया है और तस्करों की संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है।





