चंडीगढ़. पंजाब के स्कूली छात्रों के लिए बड़ी खबर है. प्रदेश की भगवंत मान की सरकार ने सर्दी की छुट्टियों को बढ़ाने का फैसला किया है। अब स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र 2 जनवरी 2023 से नहीं खुलेंगे. कड़ाके की ठंड को देखते हुए सरकार को यह फैसला लेना पड़ा है, ताकि छात्र महफूज रह सकें और उन्हें कंपकंपाती ठंड में घर से बाहर न निकलना पड़े।
प्रदेश सरकार का यह फैसला सरकारी के साथ ही निजी स्कूलों पर भी लागू होगा. बता दें कि मौसम के तल्ख तेवर को देखते हुए बिहार, उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में सर्दी की छुट्टियां बढ़ा दी गई हैं। इस सूची में अब पंजाब का नाम भी शामिल हो गया है।
पंजाब सरकार के स्कूल शिक्षा विभाग ने पहले 25 दिसंबर 2022 से 1 जनवरी 2023 तक के लिए सर्दी की छुट्टियां घोषित की थी। अब इस फैसले को संशोधित किया गया है। नए आदेश के अनुसार, अब सभी स्कूल 8 जनवरी 2023 तक बंद रहेंगे। प्रदेश सरकार ने सभी सरकारी, निजी और सहायता प्राप्त स्कूलों में सर्दी की छुट्टियां एक हफ्ते के लिए बढ़ाने का ऐलान किया है।
इस बाबत जानकारी देते हुए पंजाब के स्कूली शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि सभी स्कूल पूर्व में की गई घोषणा के अनुसार 2 जनवरी से खुलने थे, लेकिन अब स्कूल 9 जनवरी 2023 को खुलेंगे। बता दें कि दिसंबर के आखिरी सप्ताह में बड़ा दिन के छुट्टी की घोषणा की जाती है। इसके तहत आमतौर पर स्कूल 1 जनवरी तक बंद रहते हैं, लेकिन खराब मौसम को देखते हुए अवकाश अवधि को एक हफ्ते के लिए बढ़ाने का फैसला किया गया है।





