हरियाणा, 28 नवंबर| हरियाणा के रेवाड़ी शहर में एक शख्स ने अपनी भतीजी की शादी के मौके पर मिसाल कायम की। दरअसल, शख्स ने इकलौती विधवा बहन की बेटी की शादी के मौके पर 1 करोड़ रुपये से ज्यादा का शगुन दिया था। ये शादी देशभर में चर्चा का विषय बन गई है। इसका वीडियो भी खूब वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि कैसे भाई ने बहन के घर पर नोटों का ढेर लगा दिया। उन्होंने एक करोड़, 1 लाख, 11 हजार 101 रुपये नकद दिये। इतना ही नहीं, उन्होंने अपनी बहन और भतीजी को करोड़ों रुपये के आभूषण भी दिए।

दरअसल, रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर असलावास गांव के रहने वाले सतबीर की बहन की शादी सिंदरपुर में हुई थी। सतबीर की इकलौती बहन के पति की काफी समय पहले मौत हो गई थी। उनकी एक ही भतीजी है। कल जब भाणजी के विवाह के उपलक्ष्य में नानकशाखा समारोह शुरू हुआ तो वहां मौजूद लोग दंग रह गए।
सतबीर ने अपनी बहन के घर पर 500 रुपये के नोटों का ढेर लगा दिया। इसके अलावा सतबीर ने अपनी बहन और भतीजी को करोड़ों रुपये के आभूषण और अन्य सामान भी दिया था। जानकारी के मुताबिक सतबीर का अपना क्रेन का कारोबार है।





