नई दिल्ली: अच्छे काम की तारीफ होनी चाहिए और होती भी है। देखिए ना, दिल्ली मेट्रो में एक लड़के ने सफाई की तो लोग उसकी वाहवाही में जुट गए हैं। हम भारतीय गंदगी फैलाने के लिए मशहूर हैं। यूज एंड थ्रो में तो हम माहिर हैं। कहीं भी, कुछ भी फेंक दो। हां, जहां कड़ाई होती है या फिर पहले से ही साफ-सफाई होती है, वहां या तो डर के मारे या फिर लज्जावश थोड़ी मेहनत कर लेते हैं।
दिल्ली मेट्रो के स्टेशल से ट्रेन तक, हर जगह चकाचक सफाई होती है। इस कारण वहां लोग गंदगी फैलाने से बचते हैं। लेकिन गलती से गंदगी हो जाए तो कोई उसे साफ कर दे, इतनी भी उम्मीद नहीं की जा सकती है। यही वजह है कि जब मेट्रो ट्रेन के अंदर कुछ बिखरी चीजों को एक बच्चा समेटने लगा तो उसकी तारीफ होने लगी। वैसे यह तारीफ करनी बनती वी है। इससे दूसरे बचोँ को वी साीख मिलेगी।
आशु सिंह नाम के एक व्यक्ति ने लिंक्डइन पर मेट्रो ट्रेन में बिखरी चीजों को चुनते बच्चे की तस्वीर शेयर कर दी। उन्होंने लिखा, ‘दिल्ली मेट्रो में एक किशोर ईयरफोन लगाकर बात कर रहा था। तभी उसका टिफिन बॉक्स नीचे गिर गया और उसका लंच फर्श पर बिखर गया। बच्चे ने अपने नोटबुक का एक पन्ना फाड़ा और फर्श को साफ किया। फिर बोतल से पानी डालकर अपने रुमाल से फर्श को वैसे ही चमका दिया, जैसा पहले था।’ आशु ने इस पोस्ट में फर्श साफ करते बच्चे की तस्वीर भी शेयर कर दी। फिर क्या, चारों ओर से वाहवाही होने लगी। खबर लिखने तक 62,225 लोगों ने इस पोस्ट को पढ़ लिया था, 649 लोगों ने तो प्रतिक्रियाएं भी दीं। वहीं, 427 लोगों ने इस पोस्ट को शेयर किए।





