पंजाब के आठ शहर शिमला से ज्यादा ठंडे चल रहे हैं। गुरुवार को शिमला का अधिकतम तापमान 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पटियाला का अधिकतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस, अमृतसर 13.0, बठिंडा 14.2, जालंधर 12.3, पठानकोट 12.0, लुधियाना 11.6, फिरोजपुर 14.2 और गुरदासपुर का 14.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मैदानी इलाकों में ठंड का आलम यह है कि कई शहरों का पारा हिमाचल के मनाली, सोलन और डलहौजी से भी नीचे चल रहा है। गुरुवार को भी पूरा प्रदेश भीषण ठंड की चपेट में रहा। दोपहर तक कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। अगले दो दिन भी घना कोहरा छाया रहेगा। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन के लिए पंजाब में यलो अलर्ट जारी किया है।
गुरदासपुर सबसे ठंडा
पूरे प्रदेश में गुरदासपुर सबसे ठंडा दर्ज किया गया। जिले का न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं शिमला का न्यूनतम तापमान इस दौरान जहां 3.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। गुरुवार को राज्य के अन्य स्थानों में बठिंडा में 3 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 5.7, पटियाला में 5, अमृतसर में 5.5 जबकि मोहाली में 6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं, चंडीगढ़ में रात को 5.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।





