पंजाब में आज राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की एंट्री हो गई है। लुधियाना में यात्रा कल पहुंचेगी। इससे पहले महानगर में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का विरोध होना शुरू हो गया है। लुधियाना में कांग्रेस भवन के बाहर और आस-पास इमारतों पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने पोस्टर लगा दिए हैं।
पोस्टर पर लिखा गया है कि कांग्रेस और राहुल गांधी जवाब दें कि 1947 में भारत तोड़ा गया। 20 लाख निर्दोष मारे गए। 1984 में सिख दंगों में सैकड़ों निर्दोष मारे गए। कांग्रेस ने 1984 में सिख समाज को तोड़ने का काम किया। 1984 में सिख समाज तोड़ने और 1947 में देश तोड़ने का काम कांग्रेस ने किया।
पुलिस में हड़कंप, शुरू हुई जांच
कांग्रेस भवन के बाहर लगाए गए पोस्टर सुबह जब इलाका में रहते लोगों ने देखे तो शोर मच गया। लोगों ने थाना कोतवाली की पुलिस को सूचना दी। मौके पर SHO संजीव कपूर पुलिस बल के साथ पहुंचे। इलाके में लगे सभी पोस्टरों को पुलिस ने वीडियोग्राफी करवा उतरवाया। बताया जा रहा है कि शरारती लोगों के द्वारा इस तरह की हरकत की गई है।
मामले की जांच की जा रही
SHO संजीव कपूर ने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे देखे जा रहे हैं कि ये पोस्टर किन लोगों ने लगाए हैं। वहीं मामले में कुछ लोगों से पूछताछ भी शुरू हो चुकी है।





