जम्मू-कश्मीर, 21 अगस्त | भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव राम माधव और केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी को चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। पार्टी की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने माधव और रेड्डी को जम्मू-कश्मीर के चुनाव प्रभारी के रूप में नियुक्त किया है। इसमें कहा गया है कि यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
कौन हैं राम माधव जिन्हें बनाया गया प्रभारी
जानकारी के अनुसार माधव ने 2014-20 के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव के रूप में कार्य किया था। उन्हें जम्मू-कश्मीर, असम और भारत के अन्य पूर्वोत्तर राज्यों के राजनीतिक मामलों का प्रभारी बनाया गया था। इसके साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से भाजपा में आए राम माधव की जम्मू-कश्मीर में भी अहम भूमिका रही है। वहीं भाजपा और पीपुल्स डैमोक्रेटिक पार्टी (पी.डी.पी.) की गठबंधन सरकार बनाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण मानी जाती है। इस गठबंधन सरकार में मुफ्ती मोहम्मद सईद मुख्यमंत्री बने थे और भाजपा को उप-मुख्यमंत्री का पद मिला था। देश में 2019 में हुए आम चुनाव में भाजपा की जीत के बाद नड्डा को जब अध्यक्ष बनाया गया था, तब उन्होंने राष्ट्रीय पदाधिकारियों की टीम में माधव को शामिल नहीं किया था। वर्तमान में माधव इंडिया फाउंडेशन नामक थिंक टैंक के अध्यक्ष हैं।
(Note : पंजाब की जरूरी खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए पंजाब बुलेटिन के वट्सएप ग्रुप https://shorturl.at/PkYaq या वट्सएप चैनल https://shorturl.at/VbSTV से जुड़ें।)