मोहाली, 26 नवंबर| यहां से एक बड़ी खबर सामने आई है। मोहाली में जुटे किसानों ने आज चंडीगढ़ की ओर मार्च करने का फैसला टाल दिया है। भारती किसान यूनियन मोहाली के प्रवक्ता रणवीर सिंह ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा के सभी किसान एयरपोर्ट रोड धरना स्थल पर जुटेंगे। सोमवार सुबह यहां बैठक होगी। फिर अगली रणनीति तय की जायेगी।
किसानों ने 3 दिन की हड़ताल का ऐलान किया था। दिल्ली के सिंघु-टिकरी बॉर्डर पर आंदोलन की तरह ही किसान पूरे साजो-सामान के साथ पहुंचे थे। किसान केंद्र सरकार पर अपने वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना है कि केंद्र ने आंदोलन के दौरान जिन बातों पर सहमति जताई थी उसे पूरा नहीं किया है। खासकर न्यूनतम समर्थन मूल्य और किसानों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिये गये। किसानों का कहना है कि पुलिस उन्हें जहां भी रोकेगी, वे वहीं धरना देंगे।
इसके साथ ही किसानों को चंडीगढ़ में प्रवेश करने से रोकने के लिए पुलिस ने पूरी तैनाती कर दी है। मोहाली और पंचकुला की ओर से आने वाली सड़कों पर चंडीगढ़ पुलिस तैनात है। मोहाली में भी बैरिकेड्स लगाकर अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है।
किसान नेता ने कहा कि अब वे चंडीगढ़ बॉर्डर पर प्रदर्शन करेंगे। संयुक्त किसान मोर्चा की कल बैठक होगी, जिसमें चंडीगढ़ मार्च को लेकर फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल हड़ताल तीन दिन की है लेकिन हमारी तैयारी पूरी है। केंद्र के खिलाफ यह विरोध यहां से दिल्ली तक भी जा सकता है।
किसान नेता ने कहा कि फिलहाल हमारी तैयारी है कि राज्यपाल हमें समय दें और कुछ किसान नेता उनके सामने अपनी मांगें रख सकें। अगर राज्यपाल से समय नहीं मिला तो चंडीगढ़ कूच का फैसला लिया जाएगा।
किसानों के आंदोलन को लेकर पंचकुला पुलिस कमिश्नर ने भी चेतावनी जारी की है। इसमें उन्होंने पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के आदेशों का हवाला दिया है और कहा है कि प्रदर्शनकारी बिना अनुमति के पंचकुला के अंदर या बाहर वाहनों की आवाजाही को बाधित नहीं कर सकते हैं और चंडीगढ़ की ओर मार्च करने के लिए अलग से अनुमति लेनी होगी।





