श्री मुक्तसर साहिब | सिख सैनिकों को हेलमेट पहनाने का आदेश बेहद निंदनीय है। केंद्र सरकार सिख स्वरूप को खत्म करने की कोशिश कर रही है। यह बात एसजीपीसी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने मेला माघी के अवसर पर श्री मुक्तसर साहिब के श्री दरबार साहिब में मत्था टेकने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही।
सिख सैनिकों को हेलमेट पहनाने के केंद्र सरकार के आदेश पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि पगड़ी सिखों की शान और पहचान है। केंद्र यह फैसला जारी कर सिखों की इस पवित्र छवि को नष्ट करने का प्रयास कर रहा है, जो निंदनीय है। धामी ने कहा कि समाज में जाति और ऊंच-नीच का भेद समाप्त होना चाहिए।
गुरु जी ने जाति भेद को समाप्त कर दिया था, लेकिन आज के युग में इन बुराइयों का पुनर्जन्म हुआ है। इस मौके पर गुरुद्वारा साहिब के मैनेजर रेशम सिंह व अन्य स्टाफ भी मौजूद रहा।





