लुधियाना, 10 सितंबर | खन्ना के गांव इकोलाहा में आम आदमी पार्टी किसान विंग अध्यक्ष तरलोचन सिंह उर्फ डीसी को गोलियां मारकर हत्या करने का वीडियो सामने आया। सीसीटीवी से पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है।
आरोपी इसी गांव का बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस अधिकारी मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं कि मर्डर की वजह क्या रही और कितने लोग इस हत्या कांड में शामिल हैं।
पहले से रास्ते में खड़ा था हत्यारा
सीसीटीवी में दिखाई दे रहा है कि जब स्कूटी पर तरलोचन सिंह अपने खेत से घर की तरफ जा रहा था, तो सुआ पटरी के पास पहले से मोड़ पर हत्यारा खड़ा था। जिसने पास आते ही तरलोचन को गोली मार दी। जिससे तरलोचन जमीन पर गिर गया। उसके बाद आरोपी ने दो गोलियां और मारी। फायरिंग के बाद आरोपी फरार हो गया।
डीआईजी जायजा लेने पहुंचे
AAP नेता मर्डर केस में लुधियाना रेंज की डीआईजी धनप्रीत कौर सोमवार की रात जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने एसएसपी अश्विनी गोत्याल के साथ घटनास्थल पर मामले की जांच की। इसके बाद सिविल अस्पताल खन्ना ने आकर भी जायजा लिया। हत्या की सूचना के बाद विधायक तरूणप्रीत सिंह सौंध भी मौके पर पहुंचे थे।
खेत से लौटते मारी गोलियां
खन्ना में आम आदमी पार्टी किसान विंग के अध्यक्ष तरलोचन सिंह उर्फ डीसी (56) का गोलियां मारकर मर्डर कर दिया गया। सोमवार शाम को तरलोचन जब अपने खेत से घर लौट रहे थे तो किसी ने गोलियां मार दी। लहूलुहान हालत में तरलोचन जब गांव की सड़क किनारे पड़े थे तो उनका बेटा गांव के लोगों समेत उन्हें सिविल अस्पताल लेकर आया। वहां डाक्टरों ने तरलोचन सिंह को मृत घोषित कर दिया था।
सरपंच चुनाव लड़ने की थी तैयारी
जानकारी के अनुसार तरलोचन सिंह ने पिछली बार भी गांव में सरपंच का चुनाव लड़ा था। लेकिन हार गए थे। कुछ समय पहले वे आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। पार्टी की तरफ से उन्हें किसान विंग का अध्यक्ष बनाया गया था। इसके साथ ही तरलोचन सिंह गांव में सरपंच का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच उनका मर्डर कर दिया गया। तरलोचन के बेटे हरप्रीत सिंह हैप्पी ने बताया कि उनके पिता सड़क किनारे खून से लथपथ पड़े थे। उन्हें किसी ने गोली मार दी। रंजिश में यह मर्डर किया गया है।