नगर काउंसिल चुनावों से पहले अमृतसर देहाती पुलिस और एक्साइज विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रतनगढ़ इलाके से करोड़ों रुपये की विदेशी शराब बरामद की है। देर रात गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस रेड के दौरान तीन दुकानों से 2000 से ज्यादा शराब की पेटियां कब्जे में ली गईं।
जानकारी के मुताबिक यह छापेमारी खडूर साहिब रोड के पास रतनगढ़ गांव में की गई। पुलिस और एक्साइज टीम को मौके से दिल्ली, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, गुजरात और चंडीगढ़ की अलग-अलग ब्रांडेड विदेशी शराब की पेटियां मिलीं। कुछ पेटियों में एक्सपायरी शराब और बीयर होने की भी पुष्टि हुई है।
एक्साइज अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई के दौरान एटीओ, एक्साइज इंस्पेक्टर और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रारंभिक जांच में 1533 से ज्यादा पेटियों की गिनती सामने आई है, जबकि कुल संख्या 2000 से 2500 के बीच होने का अनुमान है।
अधिकारियों के मुताबिक बरामद किया गया स्टॉक काफी पुराना लग रहा है और इसे गैरकानूनी तरीके से स्टोर किया गया था। पूछताछ के दौरान दुकान मालिक ने “विक्की भिंडर” नाम के व्यक्ति का नाम सामने लिया है। पुलिस उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
पुलिस ने इस मामले को चुनावी माहौल से भी जोड़कर देखा है। अधिकारियों का कहना है कि चुनावों को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए असामाजिक तत्वों और गैरकानूनी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इसके लिए अलग-अलग इलाकों में नाकाबंदी और फ्लैग मार्च भी किए जा रहे हैं।
एक्साइज विभाग ने बरामद की गई पूरी शराब को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि बाहरी राज्यों की इतनी बड़ी मात्रा में शराब पंजाब तक कैसे पहुंची। पुलिस ने कहा कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





