चंडीगढ़। सात साल पुराने कोटकपूरा गोलीकांड की जांच कर रही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) ने शिरोमणि अकाली दल (शिअद) अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल को समन भेजा है। उनसे एसआईटी 12 दिसंबर को चंडीगढ़ सेक्टर- 32 स्थित पुलिस इंस्टीट्यूट में पूछताछ करेगी। मामले को देख रहे एक सीनियर अधिकारी ने कहा कि पूछताछ जांच का हिस्सा है।
इससे पहले एसआईटी ने सुखबीर से सितंबर में करीब तीन घंटे पूछताछ की थी क्योंकि जब घटना हुई थी उस समय राज्य में शिरोमणि अकाली दल की सरकार थी। सुखबीर उस समय उप-मुख्यमंत्री थे। साथ ही गृह विभाग की जिम्मेदारी भी उनके पास थी। ऐसे में एसआईटी हर चीज को साफ करना चाहती है।
दूसरी तरफ एसआईटी ने इस दौरान घायल लोगों को भी अपनी जानकारी देने का मौका दिया था। एसआईटी अब इस गोलीकांड में घायलों का पता लगाने में जुट गई है। इस संबंधी सूचना देने के लिए एसआईटी ने एक नंबर के अलावा ईमेल आईडी भी जारी की है।
गौरतलब है कि कोटकपूरा गोलीकांड वर्ष 2015 में हुआ था। इसमें दो एफआईआर दर्ज की गई थीं और इस समय अवधि में अब तक तीन मुख्यमंत्री बदल चुके हैं लेकिन इस मामले की सच्चाई सामने नहीं आई है।





