टोरंटो, 14 दिसंबर | ब्रिटिश कोलंबिया के एक 60 वर्षीय सिख ट्रक ड्राइवर के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। उक्त आरोपी नशा तस्करी के आरोप में 15 साल की जेल की सजा सुनाए जाने के बाद भारत भाग गया था।
जानकारी के मुताबिक सरे निवासी राज कुमार मेहमी को नवंबर में कनाडा-अमेरिका पेसिफिक हाईवे रेंज पार करके ब्रिटिश कोलंबिया में 80 किलोग्राम कोकीन की तस्करी के लिए सजा सुनाई गई थी। मेहमी को शुरू में 6 नवंबर, 2017 को ब्रिटिश कोलंबिया (आरसीएमपी) द्वारा गिरफ्तार किया गया था, जब कनाडा बॉर्डर सर्विसेज एजेंसी (सीबीएसए) ने एक सेमी-ट्रेलर ट्रक के अंदर छिपी हुई कोकीन की 80 सीलबंद ईंटें बरामद की थी जिनका अनुमानित मुल्य करीब $3.2 मिलियन डॉलर बताया गया था।
अधिक जानकारी देते हुए पुलिस ने कहा कि मेहमी का कनाडाई पासपोर्ट जब्त कर लिया गया है। हालाँकि, उसकी गिरफ्तारी और दोषसिद्धि के बीच समय जादा होने के कारण वह कानूनी तौर पर पासपोर्ट कनाडा के माध्यम से एक और पासपोर्ट बनाने में सफल रहा, जिसके बाद वे फरार हो गया। पुलिस ने मेहमी को लगभग 6 फीट लंबा और 90 किलो वजनी बताते हुए लोगों से उसके पास न जाने और अपनी स्थानीय पुलिस एजेंसी से संपर्क करने का आग्रह किया है।





