चंडीगढ़, 27 नवंबर | दिल्ली के बाद अब पंजाब में भी श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना शुरू होने जा रही है। यह पहली यात्रा अमृतसर से नांदेड़ साहिब तक है और सभी यात्रियों को ट्रेन से भेजने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए अमृतसर स्थित गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी (जीएनडीयू) में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाना है।
इस यात्रा को शुरू करने के लिए आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और सीएम भगवंत मान को खुद आना था, लेकिन धूरी में पब्लिक मीटिंग के चलते अब कैबिनेट मंत्री कुलदीप धालीवाल और हरभजन सिंह ईटीओ यात्रियों को विदा करके इस यात्रा की शुरुआत कर रहे हैं। पिछली कैबिनेट बैठक के बाद इस दौरे की घोषणा की गई थी।
सरकार तीर्थयात्रियों के प्रस्थान से लेकर तीर्थयात्रियों की वापसी तक सभी व्यवस्थाएं कर रही है। ट्रेनों के लिए IRCTC से सहायता मांगी जा रही है और पंजाब रोडवेज द्वारा बसों की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही यात्रा पर जाने वाले लोगों को इन धर्मशालाओं में ठहराया जाएगा।





