अबोहर, 16 नवंबर | यहां एक मनहूस खबर सामने आई है। तेलूपुरा गांव में रहने वाले 2 भाइयों की बीती रात मौत हो गई। दोनों के शव सेम नाले से बरामद किए गए। इस मामले में मृतक के पिता ने कहा कि दोनों भाइयों की मौत नशे की ओवरडोज के कारण हुई है और पिता के बयानों की जांच की जा रही है।
मृतक के पिता ओम प्रकाश ने बताया कि उनके दोनों बेटे कल सिविल अस्पताल में दवा लेने गए थे लेकिन शाम को घर नहीं लौटे। पड़ोसियों ने बताया कि दोनों नाले के पास पड़े थे। दोनों लड़के पिछले 10 साल से नशे के आदी थे, जिसके चलते वह नशा छोड़ने के लिए सिविल अस्पताल में दवा लेने जाते थे। मृतकों में से एक दिल्ली में टेक्निकल इंजीनियर था और दूसरा कंप्यूटर की दुकान चलाता था।
जानकारी के मुताबिक आज लोगों ने सेम नाले के पास 2 युवकों के शव पड़े देखे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही खुईयां सरवर चौकी प्रभारी परमजीत सिंह मौके पर पहुंचे। दोनों युवकों की पहचान 25 वर्षीय राहुल और 26 वर्षीय सुशील कुमार के रूप में हुई है। ये दोनों गांव तेलुपुरा के थे। सदर थाना प्रभारी परमजीत सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद मौत का कारण पता चलेगा। साथ ही परिजनों के बयान पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





