अमृतपाल सिंह को लेकर चलाए जा रहे अभियान व पंजाब में शांति व्यवस्था को बनाए रखने का हवाला देते हुए प्रदेशभर में इंटरनेट सेवा बंद करने के खिलाफ पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में सोमवार को याचिका दाखिल की गई है। हाईकोर्ट की रजिस्ट्री में दाखिल की गई इस याचिका पर जल्द सुनवाई होगी।
याचिका दाखिल करते हुए एडवोकेट जगमोहन भट्टी ने बताया कि केंद्र और पंजाब सरकार अभियान के तहत अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही हैं। इस दौरान हालात न बिगड़ें इसके लिए राज्य में इंटरनेट सेवा को बंद करने का निर्णय लिया गया है। इंटरनेट सेवा बंद होने के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। याचिका में बताया गया कि अभी यह याचिका हाईकोर्ट की रजिस्ट्री में दायर की है। रजिस्ट्री से क्लियर होने के बाद इस याचिका पर सुनवाई होगी।
मंगलवार दोपहर तक इंटरनेट बंद
बता दें कि कट्टरपंथी अमृतपाल के खिलाफ पंजाब पुलिस का ऑपरेशन जारी है। इस बीच जनहित में पंजाब के क्षेत्रीय अधिकार क्षेत्र में सभी मोबाइल इंटरनेट और एसएमएस सेवाओं (बैंकिंग और मोबाइल रिचार्ज को छोड़कर) को 21 मार्च दोपहर 12 बजे तक निलंबित कर दिया गया है। वॉयस कॉल की सुविधा रहेगी। वहीं सभी डोंगल सेवाएं भी बंद रहेंगी। पंजाब के गृह मामलों और न्याय विभाग ने यह आदेश जारी किया है। पंजाब में पिछले दो दिनों से इंटरनेट सेवा बंद है।





