कपूरथला | शहर में बीती रात दो वाहन अनियंत्रित होकर अलग-अलग स्थानों पर दुर्घटनाग्रस्त हो गए। टक्कर के बाद एयरबैग खुलने से चालक व अन्य यात्रियों की जान बच गई। चालकों को मामूली चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों कारों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 12.30 बजे एक एंडेवर वाहन अनियंत्रित होकर कपूरथला के शहीद भगत सिंह चौक के पास एक बंद मनी एक्सचेंज की दुकान के शटर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंडेवर वाहन के एयर बैग खुल गए। चालक को मामूली चोटें आई लेकिन दुकान का शटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
वहीं भगत सिंह चौक के पास शिव मंदिर चौक स्थित न्यू खालसा बेकरी के बाहर एक कार अनियंत्रित होकर दुकान के बाहर खड़े एक छोटे हाथी से जा टकराई। उक्त वाहन का चालक कपूरथला स्थित अपने परिचित के घर जा रहा था लेकिन हादसा अचानक हो गया। इस हादसे में गाड़ी का आगे का हिस्सा भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में सवार लोगों को बचा लिया गया। इस हादसे में दुकान के बाहर खड़ा छोटा हाथी पलट गया।





