चंडीगढ़ | यहां के निकटवर्ती गांव त्रिवेदी कैंप में रहने वाले मंदिर के पुजारी द्वारका दास ने पांच करोड़ की लॉटरी जीती है। परिवार में खुशी का माहौल है। लॉटरी का यह टिकट महंत के पोते ने जीरकपुर से खरीदा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव त्रिवेदी छावनी निवासी महंत द्वारका दास के नाम से पांच करोड़ रुपये की लॉटरी निकली थी। लोकेश कुमार ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जीरकपुर पंचकूला रोड स्थित उनकी लॉटरी की दुकान पर लोकस लॉटरी और लकी लॉटरी का स्टॉल है।
उन्होंने कहा कि उक्त महंत के पौत्र निखिल शर्मा आज से आठ दस दिन पहले लोहड़ी मकर संक्रांति का बंपर टिकट लेने पहुंचे थे। वह पहले भी कई बार उनसे टिकट लेता था। उल्लेखनीय है कि महंत पुत्र नरेंद्र कुमार कार चालक का काम करता है। गौरतलब है कि पांच करोड़ की लॉटरी जीतने के बाद परिवार में खुशी का माहौल है। उनके घर में दानदाताओं की भीड़ लगी हुई है। घर में उत्सव का माहौल है।





